Jamshedpur : स्वर्णरेखा नदी किनारे 227 किलो का अमेरिकी ‘जिंदा बम’ बरामद, बहरागोड़ा इलाके में सुरक्षा अलर्ट जारी…!

बिष्णु पद महापात्र 📲 9471102055 (wa)
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में स्वर्णरेखा नदी तट से करीब 227 किलोग्राम (500 पाउंड) वजनी अमेरिकी निर्मित जिंदा बम मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह बम अवैध बालू उत्खनन के दौरान बोरागाड़िया पंचायत के पानीपड़ा-नागुडसाई घाट पर जमीन के भीतर दबा मिला, जिस पर “AN-M64 500-LB… American Made… Unexploded (UXO)” अंकित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुदाई के दौरान कठोर धातु से टकराने पर ग्रामीणों ने स्थल की खुदाई की, जिससे यह विशालकाय संदिग्ध वस्तु बाहर निकली। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यह द्वितीय विश्व युद्ध काल का बम हो सकता है, क्योंकि क्षेत्र का इतिहास पुराने हवाई अड्डे से जुड़ा रहा है।
वहीं सूत्रों ने बताया कि रांची से पहुंची बम निरोधक टीम ने प्रारंभिक जांच में इसे अत्यंत शक्तिशाली जिंदा बम (UXO) की पुष्टि की है। प्रशासन ने इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी है और बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
