Categories

October 31, 2026

Suryoday Samvaad

Nayi Soch Nayi Disha

मुख्य समाचार: सरायकेला: शहर को चकाचक बनाने के लिए चला 22 दिवसीय सफाई अभियान का हुआ समापन

सरायकेला शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक रूप देने के लिए नगर पंचायत सरायकेला की ओर से चलाया जा रहा 22 दिनों का विशेष स्वच्छता अभियान शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस अभियान के सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 (दीवानसाही) में स्थित रिवरव्यू पार्क में आयोजित हुआ, जिसका नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया।

वर्षों से जमा कचरे की हुई सफाई

आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम ने पार्क परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे रोपे। इस मौके पर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि इन 22 दिनों के भीतर नगर पंचायत क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में सालों से पड़े कूड़े के ढेरों को पूरी तरह साफ किया गया है। इसके साथ ही जलभराव और गंदगी को रोकने के लिए नालियों की सघन सफाई की गई और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

लोगों से की अपील

नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस अभियान के महत्व पर बात करते हुए कहा कि यह सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि अपने शहर को स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का एक प्रयास था। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सिंगल-यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मिलकर सरायकेला को एक “स्वच्छ और हरा-भरा शहर” बनाने के संकल्प को दोहराया।

ये रहे उपस्थित

सफाई अभियान के इस समापन समारोह में मुख्य रूप से नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि, पार्षद गण गौतम नायक, अंजली राय, ज्योति साहू, विक्रम सिंह मोदक उपस्थित थे। इनके अलावा नगर प्रबंधक सुमित सुमन, महेश जारिका, स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर चांदनी मिंज सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी, सफाई कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

About Author

Leave a Reply